हमास ने ग़ज़ा के बच्चों को कैसे तैयार किया और अब फिर भर्ती कर रहा है
7 अक्तूबर के हमलों से कुछ ही महीने पहले हमास ने दावा किया था कि उसके ग्रीष्मकालीन शिविरों में 100,000 युवाओं ने हिस्सा लिया था।
जान कापुसनाक तेल अवीव में रहने वाले राजनीतिक वैज्ञानिक और स्वतंत्र लेखक हैं, जो मध्य पूर्व, इसराइल और भू-राजनीति पर लिखते हैं। उनका लेखन Neue Zürcher Zeitung, Frankfurter Allgemeine Zeitung, Die Presse और The Jerusalem Post समेत अन्य माध्यमों में प्रकाशित हो चुका है।

अप्रैल 2013 में ग़ज़ा सिटी के एक हाई स्कूल के छात्रों ने एक असामान्य प्रदर्शन किया। वर्दी पहने और हथियार थामे इन छात्रों ने एक इसराइली सैन्य चौकी पर हमले और एक सैनिक के अपहरण का नक़ली अभ्यास करके दिखाया। फ़ुटेज में किशोर एक व्यक्ति को, जो इसराइली सैनिक की भूमिका निभा रहा था, घसीटकर पास खड़ी गाड़ी में ले जाते दिखे। वे अल-फ़ुतुव्वा के प्रतिभागी थे, जो सितंबर 2012 में हमास द्वारा शुरू किया गया एक अर्धसैनिक स्कूल कार्यक्रम था। एक दशक बाद, जिन तौर-तरीक़ों का उन्होंने अभ्यास किया था, उनमें से कुछ 7 अक्तूबर, 2023 के हमलों में इस्तेमाल तरीक़ों से मिलते-जुलते नज़र आए।
हमास ने अपने कार्यक्रम का नाम अल-फ़ुतुव्वा के नाम पर रखा, जो 1936 में ब्रिटिश मैंडेट फ़लस्तीन में जेरूसलम के मुफ़्ती अमीन अल-हुसैनी के एक रिश्तेदार जमाल अल-हुसैनी (Jamal al-Husseini) के नेतृत्व में बना एक युवा संगठन था। इतिहासकार बेनी मॉरिस (Benny Morris) के अनुसार, इसके आयोजकों ने हिटलर यूथ से प्रेरणा ली थी और इसके सदस्य शुरू में “नात्सी स्काउट” के नाम से जाने जाते थे।
अल-फ़ुतुव्वा कार्यक्रम के तहत लड़कों के नियमित स्कूली पाठ्यक्रम में सैन्य प्रशिक्षण को शामिल कर दिया गया, जिनकी उम्र ज़्यादातर 15–17 वर्ष थी। छात्रों ने कलाश्निकोव राइफ़लों को संभालना सीखा, सैन्य युद्धाभ्यास किए और गहन प्रशिक्षण शिविरों में भाग लिया। अप्रैल 2013 तक लगभग 37,000 लड़के इस कार्यक्रम में हिस्सा ले चुके थे, जिनमें से क़रीब 5,000 विशेष शिविरों में भी गए। कुछ छात्र तो रात की सुरक्षा गश्त पर हथियारबंद हमास सदस्यों के साथ भी जाते थे।
2015 में हमास की सैन्य शाखा ने अपने ख़ुद के प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने शुरू किए। 2023 की गर्मियों में, इसराइल पर हमलों से कुछ ही महीने पहले, हमास ने दावा किया कि उसके ग्रीष्मकालीन शिविरों में लगभग 100,000 बच्चों और किशोरों ने हिस्सा लिया। जुलाई 2023 का हमास का एक आंतरिक दस्तावेज़, जिसे इसराइली राष्ट्रपति इसाक हर्ज़ोग ने जनवरी 2024 में पेश किया था, शिविरों के उद्देश्यों में जिहाद, आत्म-बलिदान, सशस्त्र प्रतिरोध को बढ़ावा देने और फ़लस्तीनी समाज के सैन्यीकरण को गिनाता है।
7 अक्तूबर, 2023 के नरसंहार के तीन साल बाद, हमास अपने नेतृत्व का बड़ा हिस्सा, हज़ारों लड़ाके और बड़ी सैन्य ढाँचागत क्षमता गँवा चुका है। इसके बावजूद ग़ज़ा के आबादी वाले इलाक़ों पर उसका प्रभाव बना हुआ है और वह अपनी ताक़त दोबारा खड़ी करने की कोशिश कर रहा है।
जनवरी 2026 में एक फ़लस्तीनी पिता ने बताया कि किस तरह हमास के कार्यकर्ताओं ने कथित तौर पर उनके 16 वर्षीय बेटे को संगठन में शामिल होने के लिए पैसे और हथियार प्रशिक्षण की पेशकश की। उनका यह बयान कोई अकेला आरोप नहीं था, बल्कि नाबालिगों की भर्ती के एक व्यापक चलन की ओर इशारा करता था। अक्तूबर 2026 में इसराइली सुरक्षा रिपोर्टों ने संकेत दिया कि हमास 15–17 वर्ष के लड़कों को लगभग एक सप्ताह चलने वाले त्वरित सैन्य प्रशिक्षण के लिए भर्ती कर रहा है, जिसमें मुख्य ज़ोर हल्के हथियारों पर है।
फ़लस्तीनी बच्चों का सैन्यीकरण कोई छिपी बात नहीं थी। हमास ने सार्वजनिक रूप से अपने प्रशिक्षण शिविरों का प्रचार किया, हथियारबंद बच्चों की तस्वीरें प्रकाशित कीं और ऐसे समारोह आयोजित किए जिनमें उनके सैन्य कौशल का प्रदर्शन हुआ। फिर भी संयुक्त राष्ट्र बाल कोष (UNICEF) ने कभी इस मुद्दे को इतना नहीं उठाया कि कूटनीतिक दबाव बनाया जा सके।
अपनी 2020 की रिपोर्ट में UNICEF ने हमास की सैन्य शाखा में भर्ती किए गए 17 वर्षीय किशोरों के दो स्वतंत्र रूप से सत्यापित मामलों का उल्लेख किया था। इनमें से एक की मई 2020 में हमास की एक सैन्य चौकी पर तैनाती के दौरान मौत हो गई थी। बाद के एक बुलेटिन में माना गया कि हमास, फ़लस्तीनी इस्लामिक जिहाद और अन्य सशस्त्र गुट ऐसे सैन्य शिविर चला रहे थे, जिनमें 14 साल से कम उम्र के बच्चे भी शामिल होते थे। UNICEF ने कहा कि उसने आयोजकों से संपर्क कर बच्चों की सुरक्षा का आग्रह किया था। फिर भी प्रशिक्षण जारी रहा और सार्वजनिक रूप से ऐसा कोई प्रमाण दर्ज नहीं है कि इन हस्तक्षेपों से ये कार्यक्रम बंद हुए हों।
UNICEF फ़लस्तीनी बच्चों की भर्ती पर उतना ध्यान नहीं देता, जितना दूसरे संघर्षों में सशस्त्र गुटों की इसी तरह की गतिविधियों पर देता है। जहाँ इस संस्था ने इसराइली सैन्य अभियानों के दौरान फ़लस्तीनी बच्चों की पीड़ा की ओर अंतरराष्ट्रीय ध्यान खींचा है, वहीं उन्हीं बच्चों के सैन्यीकरण में हमास की भूमिका को कम सार्वजनिक ध्यान मिलता है।
इससे एक सवाल खड़ा होता है: UNICEF जैसी अंतरराष्ट्रीय हैसियत, संसाधनों और मीडिया पहुँच वाली संस्था हमास द्वारा बच्चों की व्यवस्थित भर्ती और सैन्य प्रशिक्षण के ख़िलाफ़ उतना ही दिखने वाला अभियान क्यों नहीं चला पाई?
नवंबर 2026 में NGO Monitor की एक जाँच में यह भी सामने आया कि ग़ज़ा स्थित संगठन The Sameer Project, जो ख़ुद को UNICEF का साझेदार बताता है, ऐसी सामग्री प्रकाशित कर चुका है जो सशस्त्र हिंसा का महिमामंडन करती है और हमास का समर्थन करती है। फ़ुटेज में UNICEF के लोगो लगे एक स्कूल में बच्चे नारे लगाते दिखे, “हमारे नेक शहीदों को महिमा और अमरता!”
नाबालिगों की भर्ती से ग़ज़ा के हताहतों के आँकड़ों की व्याख्या भी पेचीदा हो जाती है। संयुक्त राष्ट्र बाल अधिकार संधि के तहत 18 वर्ष से कम आयु का हर व्यक्ति क़ानूनन बच्चा है। इसमें लड़ाई में मारा गया 16 वर्षीय हमास लड़ाका भी शामिल है। ग़ज़ा का हमास-नियंत्रित स्वास्थ्य मंत्रालय अपने हताहत आँकड़ों में आम नागरिकों और सशस्त्र गुटों के सदस्यों के बीच फ़र्क़ नहीं करता। नतीजतन, सिर्फ़ उम्र के आधार पर आँकड़ों से यह तय नहीं किया जा सकता कि मारे गए बच्चों में कितने आम नागरिक थे और कितनों ने लड़ाई में हिस्सा लिया था। बाल अधिकार संधि का वैकल्पिक प्रोटोकॉल ग़ैर-राज्य सशस्त्र गुटों को 18 वर्ष से कम आयु के किसी भी व्यक्ति की भर्ती करने या उसे युद्ध में इस्तेमाल करने से रोकता है।
सुरंगें और हथियारों के भंडार नष्ट करने भर से हमास को अपनी ताक़त दोबारा खड़ी करने से नहीं रोका जा सकेगा। आतंकवाद-निरोध विशेषज्ञ असफ़ मोगदम (Assaf Moghadam) का अनुमान है कि ग़ज़ा के कट्टरपंथ-उन्मूलन में 20 से 40 साल लग सकते हैं। इसलिए ग़ज़ा का भविष्य सिर्फ़ इस पर निर्भर नहीं करेगा कि उसकी सीमाओं पर किसका नियंत्रण है या उसके पुनर्निर्माण का ख़र्च कौन उठाता है, बल्कि सबसे बढ़कर इस पर कि उसके बच्चों को शिक्षा कौन देता है।
मिडिल ईस्ट फ़ोरम के विश्लेषण ईमेल पर पाएँ: न्यूज़लेटर की सदस्यता लें (अंग्रेज़ी में)