MEF Menu
Middle East ForumSupport MEF
मिडिल ईस्ट फ़ोरम · Middle East Forum
Observer

क्या ईरान में हो चुका है ख़ामोश तख़्तापलट

धार्मिक नेतृत्व और सैन्य शक्ति के बीच का संतुलन अब पहले जैसा नहीं रह गया है।

पॉटकिन अज़ारमेहर मूल रूप से ईरान से ताल्लुक़ रखने वाले ब्रिटिश खोजी पत्रकार और वृत्तचित्र निर्माता हैं। उन्होंने विभिन्न मीडिया संस्थानों और नीति अनुसंधान संस्थाओं के लिए योगदान दिया है, जहां उन्होंने मध्य-पूर्व के मामलों और पश्चिम में इस्लामी चरमपंथ का गहन विश्लेषण पेश किया है।

A photo of Ayatollah Ruhollah Khomeini looms above Islamic Revolutionary Guard Corps ground forces in this file photo.
तेहरान में ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (IRGC) के सदस्य, फ़ाइल तस्वीर। · Tasnim News Agency, CC BY 4.0, via Wikimedia Commons

ईरान के सर्वोच्च नेता आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई का बैत—यानी उनका दफ़्तर और उनकी भीतरी मंडली—एक समानांतर सरकार की तरह काम करता था, बल्कि शायद ईरान में सत्ता का असली केंद्र ही था। यह व्यवस्था असाधारण अनुशासन और कड़ी सुरक्षा के साथ अपने सबसे संवेदनशील रहस्यों की हिफ़ाज़त करती थी। कुछ पूर्व अंदरूनी लोगों ने कहा कि बैत इस शासन-तंत्र के भीतर सबसे कुशल और सबसे अनुशासित इकाई था।

बाहर के लोगों को यह एक ऐसी धर्मतांत्रिक व्यवस्था दिखती थी, जिस पर धर्मगुरुओं की सत्ता हावी थी और जिसे 1979 से शिया मौलवी चला रहे थे। लेकिन 28 फ़रवरी, 2026 को ख़ामेनेई की मौत के बाद संभव है कि एक बड़ा बदलाव हुआ हो: सत्ता का पलड़ा धर्मगुरु प्रतिष्ठान से हटकर सेना की तरफ़ झुक गया हो।

आयतुल्लाह रूहुल्लाह ख़ुमैनी ने इस्लामी गणराज्य की स्थापना ऐसी व्यवस्था के रूप में की, जिसमें अंतिम अधिकार सर्वोच्च नेता के पास था—वह निर्विवाद इस्लामी न्यायविद, जिसका हर मामले में आख़िरी फ़ैसला चलता था। ईरान का धार्मिक प्रतिष्ठान उनकी इच्छाओं को लागू करता था और उनके नियुक्त धर्मगुरु हर संगठन और संस्था पर निगरानी रखते थे। धर्मतंत्र की हिफ़ाज़त के लिए उन्होंने इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (IRGC) बनाई—सीमाओं की सुरक्षा के लिए कम, और इस्लामी क्रांति तथा शासक धर्मगुरुओं की रक्षा के लिए ज़्यादा।

1989 में नेतृत्व संभालने के बाद अली ख़ामेनेई ने यही संतुलन बनाए रखा। हालांकि IRGC के प्रभाव, संपन्नता और संचालन-क्षमता का दायरा काफ़ी बढ़ गया, फिर भी ईरान—अपनी सैन्य शक्तियों सहित—ख़ामेनेई और उनके आज्ञाकारी अधीनस्थ धर्मगुरुओं के नियंत्रण में ही रहा।

ख़ामेनेई इस बात को लेकर सतर्क और चौकन्ने रहते थे कि IRGC धार्मिक नेतृत्व पर हावी न हो जाए। इमाम सादेग़ विश्वविद्यालय (Imam Sadegh University) से स्नातक कियानूश रज़ाग़ी (Kianoosh Razaghi) के अनुसार—यह विश्वविद्यालय 1979 की क्रांति के बाद इस्लामी गणराज्य के अधिकारियों को तैयार करने वाली एक प्रमुख संस्था है—ख़ामेनेई रिवोल्यूशनरी गार्ड की बढ़ती ताक़त से पैदा होने वाले ख़तरे को बख़ूबी समझते थे।

ख़ामेनेई की चिंता सिर्फ़ संस्थागत संतुलन तक सीमित नहीं थी; यह उनके अपने परिवार तक भी जाती थी। उनके चार बेटों—मुस्तफ़ा (Mostafa), मुजतबा (Mojtaba), मसूद (Masoud) और मेसम (Meysam)—में मुजतबा सबसे महत्वाकांक्षी थे और सुरक्षा व सैन्य तंत्र से उनके नज़दीकी रिश्ते थे। रज़ाग़ी का दावा है कि ख़ामेनेई मुजतबा के उत्तराधिकार को राजनीतिक और व्यक्तिगत, दोनों ही स्तरों पर जोखिम भरा मानते थे; उन्हें आशंका थी कि मुजतबा के कथित समलैंगिक होने जैसी कमज़ोरियां व्यवस्था को बदनाम कर सकती हैं और उसे अस्थिर कर सकती हैं।

ख़ामेनेई ने मसूद को अपने बैत के भीतर ऐसी इकाई की कमान सौंपी, जिसे थिंक-टैंक कहा जा सकता है—जो उत्तराधिकार-योजना समेत अहम राजनीतिक परियोजनाओं को आकार देने और उन्हें लागू कराने की ज़िम्मेदारी निभाती थी। इसी नज़रिए के मुताबिक, एक रहस्यमय हेलिकॉप्टर दुर्घटना में इब्राहिम रईसी (Ebrahim Raisi) की मौत के बाद मसूद पेज़ेश्कियान (Masoud Pezeshkian) का राष्ट्रपति बनना भी मसूद के निर्देशन में उसी भीतरी मंडली द्वारा रचा-गढ़ा और नियंत्रित किया गया एक और नतीजा था।

रज़ाग़ी का केंद्रीय दावा चौंकाने वाला है: ख़ामेनेई की मौत के बाद IRGC—ख़ासकर मोहम्मद बाक़र ज़ोल्क़द्र (Mohammad Bagher Zolghadr) और अहमद वहीदी (Ahmad Vahidi) जैसे लोगों से जुड़े धड़ों ने—धर्मगुरुओं को किनारे कर, प्रभावी तौर पर नियंत्रण अपने हाथ में ले लिया है।

अपने तर्क के समर्थन में वह कुछ असंगतियों की ओर इशारा करते हैं। पहला, ईरानी संविधान सर्वोच्च नेता चुनने की प्रक्रिया बताता है, लेकिन लगता है कि उन प्रक्रियाओं का पालन नहीं हुआ। रज़ाग़ी के मुताबिक, संविधान में दिए गए नियमों का पालन न करना, अपने आप में तख़्तापलट की निशानी है। दूसरा, जिस हवाई हमले में उनके पिता मारे गए, उसी में मुजतबा ख़ामेनेई के अक्षम हो जाने की सूचना है; सामान्य तौर पर ऐसी स्थिति में स्पष्ट रूप से तय वैकल्पिक व्यवस्थाएं लागू हो जातीं, लेकिन उनका भी पालन नहीं हुआ। तीसरा, ख़ामेनेई की वसीयत को सार्वजनिक नहीं किया गया है, संभवतः इसलिए कि उत्तराधिकार को लेकर उनकी इच्छाएं सामने न आ जाएं। ख़ामेनेई के दूसरे बेटों—ख़ासकर मसूद—की चुप्पी ने और सवाल खड़े किए हैं। यहां तक कि जिन मौक़ों पर सार्वजनिक बयान की उम्मीद होती है, जैसे कमाल ख़ार्राज़ी (Kamal Kharazi) और उनकी पत्नी की मौत के बाद, जिनसे मसूद का वैवाहिक रिश्ता है, तब भी कोई प्रतिक्रिया नहीं आई।

कुल मिलाकर, ये अनियमितताएं इस ओर इशारा करती हैं कि रिवोल्यूशनरी गार्ड ने इस्लामी गणराज्य के औपचारिक ढांचे को दरकिनार कर दिया है और सत्ता-हस्तांतरण को वैध ठहराने के लिए मुजतबा ख़ामेनेई के नाम का इस्तेमाल किया है—हालांकि अब भी इस बात की कोई पुष्टि नहीं है कि वह ज़िंदा हैं।

अगर यह सच है, तो ईरानी इतिहास में ऐसा होना अभूतपूर्व नहीं होगा। ईरान के अठारहवीं सदी के शासक नादिर शाह (Nader Shah)—जिन्हें अक्सर “फ़ारस का नेपोलियन” कहा जाता है—मामूली पृष्ठभूमि से आए थे और अपने शासन को वैध ठहराने के लिए उन्होंने शुरुआत में ख़ुद को “तहमास्प का सेवक” कहा; तहमास्प, आख़िरी सफ़वी बादशाह थे और तब तक वह नाममात्र के मुखौटे भर रह गए थे। बाद में नादिर शाह ने तहमास्प और उनके वारिस को ख़त्म कर दिया, सफ़वी शासन के दो सौ साल से ज़्यादा लंबे दौर का अंत किया और अपना राजवंश कायम किया।

इसी तरह, 1925 में पहलवी राजवंश के संस्थापक रज़ा शाह (Reza Shah)—जिन्होंने ईरान का आधुनिकीकरण किया—भी मामूली पृष्ठभूमि से उठकर सैन्य रैंकों में बढ़े और क़ाजार राजवंश के आख़िरी अक्षम व अनिच्छुक राजा अहमद शाह के अधीन, सेना के कमांडर और प्रधानमंत्री बने। दोनों ही मामलों में सैन्य शक्ति ने धीरे-धीरे स्थापित सत्ता को विस्थापित किया, जबकि कुछ समय तक पुरानी व्यवस्था के ढलते मुखिया के प्रति वफ़ादारी का दिखावा भी बनाए रखा गया।

फ़िलहाल, रज़ाग़ी के दावे अटकलों के दायरे में ही हैं। ईरान की अपारदर्शी राजनीतिक व्यवस्था निश्चित नतीजों तक पहुंचना मुश्किल बना देती है। फिर भी, महज़ अनुमान के तौर पर भी देखें तो यह व्याख्या इसलिए असर छोड़ती है कि यह ईरान के भीतर हाल के घटनाक्रमों को लेकर बढ़ते अनुत्तरित सवालों की सूची का मतलब समझाती है—ऐसे सवाल, जिनका जवाब आधिकारिक आख्यान नहीं देते। यहां तक कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का यह कहना कि ईरान में “सत्ता-परिवर्तन” हो चुका है—भले वह बयानबाज़ी हो—इस व्याख्या में एक अलग रंग ले लेता है: जन-विद्रोह नहीं, बल्कि सत्ता के भीतर ही हुआ बदलाव।

“ख़ामोश तख़्तापलट” हुआ हो या नहीं, एक बात साफ़ है: ईरान के भीतर की गतिशीलता ऐसे तरीक़ों से बदल रही है, जो सार्वजनिक नज़र से छिपे हैं। धर्मगुरु-सत्ता और सैन्य शक्ति के बीच का संतुलन—जो लंबे समय से इस्लामी गणराज्य की पहचान रहा है—अब शायद पहले जैसा नहीं रहा।

रज़ाग़ी ने समझाया, “इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर के भीतर सत्ता के चार गुट हैं, जो अब तक बरक़रार हैं। इसराइल अपने लक्षित हमलों से ईरान के राजनीतिक मंच को नए सिरे से गढ़ रहा है।” हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि आख़िरकार किस गुट की जीत होगी।

मूल अंग्रेज़ी लेख पढ़ें: A Quiet Coup in Iran?

मिडिल ईस्ट फ़ोरम के विश्लेषण ईमेल पर पाएँ: न्यूज़लेटर की सदस्यता लें (अंग्रेज़ी में)